Headlines

राजधानी रायपुर से नक्सली दंपति गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा क्षेत्र से पुलिस ने नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बीमारी का इलाज कराने के नाम पर नक्सली दंपति ने फर्जी आधार कार्ड देकर किराये पर मकान लिया था। आरोप है कि पकड़े गये नक्सली दंपति पहले से ही रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रहकर ड्राइवरी और गार्ड का काम रह थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला रायपुर के डीडी नगर थाना इलाके का है। पुलिस की गिरफ्त में आये नक्सली दंपति का नाम जग्गू उर्फ रमेश कुरसम और कमला कुरसम है। यह मूल रूप से बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वर्तमान में यह डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि साल 2017-18 में दोनों नक्सली संगठन में शामिल हुए। पुलिस को आशंका है कि दोनों पति-पत्नी पिछले 5-6 सालों से रायपुर में निवास कर रहे थे.

शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि जग्गू उर्फ रमेश कई बड़े अधिकारियों के घर पर गार्ड और ड्राइवर संबंधी नौकरी कर चुका है। जिस मकान से यह गिरफ्तार हुए हैं, वहां यह 1 महीने पहले ही दोनों शिफ्ट हुए थे। मकान मालिक को कमला कुरसम ने अपना फर्जी आधार कार्ड दिया था। जिसमें उसका नाम फर्जी लिखा था। पति-पत्नी ने किराए पर मकान लेने के पीछे बीमारी का इलाज बताया था। बताया जा रहा है कि नक्सली दंपति के संबंध में रायपुर पुलिस को इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी।

पुलिस को ये जानकारी दी गयी थी कि एक महिला और पुरुष नक्सलियों के शहरी नेटवर्क में शामिल है। वे लगातार नक्सल संगठन को कई प्रकार की सूचना भेज कर मदद कर रहे हैं। जिसके बाद आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने डीडीनगर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मकान से मोबाइल और कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किये है। जिसमें आरोपियों की नक्सली संगठन से जुड़े होने और इनकी भूमिका का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *