Headlines

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुपूरक बजट को बताया ‘ऊंट के मुंह में जीरा’, महतारी वंदन के साथ इन योजनाओं पर मांगा स्पष्टीकरण…

रायपुर,- छत्तीसगढ़ विधानसभा के तीसरे दिन अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि अनुपूरक बजट से सभी वर्गों को निराशा हुई है. यह अनुपूरक बजट ऊंट के मुंह में जीरा है. इसके साथ ही बजट में 3100 में खरीदी की जिक्र नहीं होने के साथ उन्होंने महतारी वंदन योजना, 500 रुपए में गैस सिलेंडर सहित बिजली बिल, गोबर खरीदी, गोमूत्र खरीदी के अलावा चावल योजना को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की.

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चर्चा के दौरान कहा कि धान बोनस को लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़े किया. उन्होंने कहा कि केंद्र ने हमारी सरकार को बोनस देने से रोका. केंद्र सरकार ने कहा कि बोनस देंगे तो चावल नहीं लेंगे. मैंने केंद्र सरकार से बोनस पर रोक हटाने की मांग की थी. भारत सरकार ने हमारे रहते रोक नहीं हटाई थी.

भूपेश बघेल ने कहा कि अब डबल इंजन की सरकार है, आपको फोन से आदेश मिल जाएगा. लेकिन आदेश के बगैर आप बोनस का वितरण नहीं कर पाएंगे. भाजपा के घोषणापत्र में धान किसानों को 3100 देने की बात है, बाकी किसानों के संबंध में कोई बात नहीं कही गई है. बोनस को लेकर ही आपने बजट में प्रावधान किया है, लेकिन 3100 में खरीदी के संबंध में कोई बात नहीं कही गई है.

कांग्रेस विधायक ने महतारी वंदन योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के दायरे में कौन आएगा स्पष्ट हो. गैस सिलेंडर के लिए कौन-कौन पात्र हैं, यह भी स्पष्ट करें. बिजली बिल, गोबर खरीदी, गोमूत्र खरीदी होगी या नहीं स्पष्ट करें. चावल योजना जारी रहेगी या नहीं यह भी स्पष्ट होना चाहिए.

आवास योजना के सर्वे और क्वांटिटिव डाटा आयोग पर बहस के दौरान भूपेश बघेल ने आंकड़ों को लेकर सवाल उठाए. बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर ने पुराने सर्वे को फर्जी बताया था. इसके साथ ही कहा कि जो रिपोर्ट सदन में पेश नहीं हुई, उसके आंकड़े न बताएं.

तोड़ दी जय-वीरू की दोस्ती

विधानसभा में चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने सरगुजा विधायक राजेश अग्रवाल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अग्रवाल जी बड़े नेता को हरा कर आए हैं. वे भी उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें (मंत्रिमंडल) स्थान मिलेगा. इस पर राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैंने तो आपकी मदद की है. भूपेश बघेल ने इस पर कहा कि आपने जय-वीरू की जोड़ी तोड़ दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *