रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रायपुर महानगर ने 5वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में कथित नकल प्रकरण को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए विरोध प्रदर्शन किया। परिषद ने इस मामले को शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर बताया है।
मामला रायपुर के शंकर नगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय ‘अभ्यास’ का है, जहां हाल ही में आयोजित कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। प्राप्त वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोप है कि परीक्षा कक्ष में तैनात शिक्षिका ने विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से नकल कराई।

अभाविप का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं और मेहनती विद्यार्थियों के मनोबल को ठेस पहुंचाती हैं। परिषद ने इसे शिक्षक की मर्यादा के विरुद्ध और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित शिक्षिका को तत्काल निलंबित या बर्खास्त कर सख्त विभागीय जांच की जाए। साथ ही संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उड़नदस्ता दलों द्वारा औचक निरीक्षण करने और संबंधित विद्यालय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अन्य विकासखंड के शिक्षकों से कराने की मांग भी की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षकों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।
अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि अभाविप शिक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने हाल में 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र लीक की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे सरकार की गंभीरता पर सवाल उठते हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
