रायपुर। 6वीं सीनियर नेशनल मिक्स नेटबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तालमेल और सशक्त रणनीति का प्रभावी प्रदर्शन किया।
लीग मुकाबलों में छत्तीसगढ़ ने आंध्र प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 37–1 से पराजित किया। इसके बाद एनसीआर को 26–8 से हराकर टीम ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। हालांकि पंजाब के खिलाफ लीग मैच में छत्तीसगढ़ को कड़े मुकाबले में 18–22 से हार का सामना करना पड़ा।
क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला राजस्थान से हुआ, जहां टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 26–13 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को 18–12 से पराजित कर टीम ने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ और पंजाब के बीच खेला गया। रोमांचक और कड़े संघर्ष के बाद पंजाब ने 27–18 से जीत दर्ज की, जबकि छत्तीसगढ़ टीम ने उपविजेता रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
छत्तीसगढ़ टीम में ऐश्वर्या पाठक, सोनिया पाठक, प्रीति बंछोर बिजौरा, सरिता यादव, अंजली सोनकर, दीपनजली उत्तम शुक्ला, पूजा नायक, वियोम शर्मा, राहुल रावत एवं अभिनव श्रीवास्तव शामिल रहे।
टीम के कोच एवं मैनेजर सुधीर वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में यह उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई। इस शानदार उपलब्धि पर टीम के सभी खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
