Headlines

बलौदाबाजार हिंसा मामला: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा- करोड़ों का नुकसान हुआ है, इसकी भरपाई आरोपियों से ही की जाएगी…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में 10 जून को हुई हिंसा घटना की समीक्षा की गई है. मामले में समीक्षा के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घटना में हुई करोड़ो के नुकसान की भरपाई दोषियों से करवाने की बात कही है. इसके साथ ही उन्होंने बस्तर के जगरगुंडा में सड़क निर्माण को लेकर भी मीडिया से खुशी जाहिर की.

न्यायिक जांच की घोषणा पर समाज था संतुष्ट: डिप्टी सीएम शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बलौदाबाजार में हुई घटना के पीछे समाज से बाहरी लोगों का हाथ बताया है. उन्होंने कहा कि सामाजिक नहीं यह असामाजिक लोगों का काम है. उन्होंने बताया कि मामले में न्यायिक जांच की घोषणा किए जाने के बाद सतनामी समाज ने संतुष्टि जाहिर की थी.

लगता नहीं कि ये छत्तीसगढ़ के लोग हैं: डिप्टी सीएम शर्मा

डिप्टी सीएम ने मामले आगे कहा, कि यह बहुत दुख का विषय है, यह नहीं लगता कि छत्तीसगढ़ के लोग हैं, इसमें बाहरी लोगों का हाथ है. उन्होंने कहा कि इस घटना योजनाबद्ध तरीके से की गई है. हाथ में पेट्रोल बोतल, डंडे-लाठी के साथ लोग नजर आए हैं. उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि 9 दिन और 9 रात मैं भी आंदोलन में बैठा था, लेकिन अंदर नहीं गया क्योंकि हमें अपनी सीमा पता है. लोकतंत्र में एक सीमा होती है, इसके आगे अराजकता होती है. सुंदर बिल्डिंग जला दी, किसी को क्या मिला..?

करोड़ों के नुकसान की भरपाई दोषियों से की जाएगी : डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा है, कि बलौदाबाजार में की गई आगजनी में करोड़ों का नुकसान हुआ है, तो इसकी भरपाई आरोपियों से ही की जाएगी.

भाजपा का कांग्रेस पर आरोप

भाजपा की तरफ से मामले में कांग्रेसी नेताओं पर समाज को भड़काने के आरोप को लेकर भी बयान दिया है. उन्होने कहा कि जांच में जिन-जिन लोगों का नाम सामने आएगा, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बस्तर के जगरगुंडा में सड़क निर्माण 15 साल में हुआ पूरा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के जगरगुंडा में सड़क को लेकर खुशी जाहिर की है. उन्होंन कहा, कि सड़क का निर्माण उन्नति के मार्ग को प्रशस्त करता है. इस सड़क के निर्माण में 15 साल से अधिक समय लगा.

नक्सलवाद को समाप्त करने की पहल

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 257 सड़कें हैं जिस पर काम नहीं हुआ. दर्जन भर से अधिक पीडब्ल्यूडी की सड़क पर काम नहीं किया जा रहा था. अब राज्य की भाजपा सरकार ने पीडब्ल्यूडी की 81 और सड़कों को चिन्हांकित किया है. 30 सड़कों पर और सिक्योरिटी देकर काम शुरू किया गया है. यह पहल नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *