Headlines

दिवंगत पूर्व विधायक की पत्नी का छलका दर्द : रानी विभा का बड़ा आरोप, कहा – मेरे पति का नाम सिर्फ राजनैतिक स्वार्थ के लिए ले रहे हैं भूपेश बघेल, सीएम समेत कलेक्टर से की शिकायत, जानिए पूरा मामला…

खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम जब से राजनांदगांव प्रत्याशी के रूप में सामने आया है तब से लगातार बघेल लोकसभा क्षेत्र राजनांदगांव के प्रवास पर हैं. गुरुवार 14 मार्च को भी भूपेश बघेल खैरागढ़ जिले के प्रवास पर रहेंगे. वे खैरागढ़ जिले में कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे और विभिन्न धर्म स्थलों पर माथा भी टेकेंगे. इसके बाद पूर्व सीएम खैरागढ़ के दिवंगत राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करने वाले हैं, लेकिन पूर्व विधायक स्व. देवव्रत सिंह की मूर्ति अनावरण का विषय आते ही खैरागढ़ राजपरिवार की तरफ से नया विवाद सामने आया है.

स्व. देवव्रत की पत्नी रानी विभा सिंह ने मूर्ति अनावरण कार्यक्रम पर रोक लगाने खैरागढ़ कलेक्टर से लिखित शिकायत की है. रानी विभा सिंह का आरोप है कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए उनके पति के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं. स्वर्गीय राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा व गार्डन की आड़ में राजनीति कर रहे हैं. जब भूपेश बघेल की छत्तीसगढ़ में सरकार थी तो इन्होंने स्वर्गीय राजा साहब का सिर्फ और सिर्फ अपमान करते हुए तिरस्कार किया, जिसके चलते राजा साहब जेसीसीजे जॉइन कर खैरागढ़ विधानसभा के विधायक बन गए.

रानी विभा ने कहा, विधायक रहते देवव्रत सिंह के आकस्मिक निधन के बाद कांग्रेस पार्टी ने खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में फिर से राजनैतिक लाभ के लिए उनके निधन के बाद नाम और मूर्ति का हवाला देकर जनभावनाओं को लुभाने का वादा किया, जिसमें वो सफल हो गए, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने राजा साहब के परिवार वालों से कोई पूछ परख नहीं किया. सामने लोकसभा चुनाव है, जहां राजनांदगांव से स्वयं भूपेश बघेल कांग्रेस पार्टी से लोकसभा प्रत्याशी हैं. अब उनकी पार्टी पुनः हमारे दिवंगत पति के मूर्ति की अनावरण के आड़ में भोली भाली जनता को फिर धोखा देने का खेल खेलने वाले हैं. यहां तक हम उनकी धर्मपत्नी हैं. उसके बावजूद हमें भी नहीं पूछा गया है, जो निंदनीय है. इसकी शिकायत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों से लिखित में की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *