Headlines

“हम केवल राजनीति के लिए नहीं, जनसेवा के ईश्वरीय कार्य के लिए भाजपा में हैं” : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के अंतर्गत माना मंडल, भाठागांव मंडल, शंकर नगर मंडल और सिविल लाइन मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का ‘सजग प्रहरी’ बनने का आह्वान किया।

ईश्वरीय कृपा है भाजपा का कार्यकर्ता होना

भावुक और ओजस्वी संबोधन में श्री अग्रवाल ने कहा, “हम भारतीय जनता पार्टी में इसलिए हैं क्योंकि शायद ईश्वर ने हमें इस माध्यम से लोगों की सेवा करने के लिए चुना है। जिस दौर में हमने राजनीति शुरू की, तब सत्ता की कल्पना भी नहीं थी। हमारे लिए राजनीति का अर्थ केवल संघर्ष, आंदोलन और लाठियां खाना था।” उन्होंने अपने छात्र राजनीति के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि कैसे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय उन्हें अधिकारों के लिए हाई कोर्ट तक की सीढ़ियां चढ़नी पड़ती थीं। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “मुझ पर 60 मुकदमे हुए और विचारधारा की रक्षा के लिए 30 बार जेल जाना पड़ा, लेकिन जनसेवा का संकल्प कभी नहीं डगमगाया।”

सांस्कृतिक अस्मिता और वैचारिक विजय का काल

श्री अग्रवाल ने भाजपा की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1925 में RSS की स्थापना से लेकर जनसंघ और फिर भाजपा का गठन केवल एक राजनीतिक दल का उदय नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को पुनर्स्थापित करने का प्रयास था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुकर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 की समाप्ति और भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण उन्हीं दशकों पुराने संकल्पों की सिद्धि है।

बूथ स्तर पर संगठन को अभेद्य बनाने का आह्वान

सांसद महोदय ने प्रशिक्षण शिविर के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि, कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के माध्यम बनें।

उन्होंने कहां कि, पहले भाजपा का चिन्ह दीपक था लेकिन वर्तमान में दीपक से कमल तक’ की यात्रा अब अंत्योदय से वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रही है। उन्होंने ने कार्यकर्ताओं से आह्वाहन करते हुए कहा कि, संगठन की असली शक्ति बूथ का कार्यकर्ता है, जिसे वैचारिक रूप से सक्षम होना अनिवार्य है। प्रत्येक कार्यकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह सरकार के कारों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।

श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएं और जनसेवा को अपना सर्वोच्च धर्म मानें।

इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में उत्साहित कार्यकर्ता एवं हर वर्ग समाज और धर्म के स्थानीय लोग शामिल हुए उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ‘दीपक से कमल तक: एक विचार, एक संघर्ष’ विषय पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कैसे आज भाजपा 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *