Headlines

माँ शाकम्भरी महोत्सव में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, फल–सब्जी वितरण कर दिया सेवा व आत्मनिर्भरता का संदेश

रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में मरार पटेल समाज, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित माँ शाकम्भरी प्राकट्य दिवस एवं छेरछेरा पूर्णिमा के अवसर पर शाकम्भरी महोत्सव में सहभागिता की। इस मौके पर उन्होंने प्रसाद स्वरूप फल और सब्जियों का वितरण कर समाज सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने माँ शाकम्भरी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माँ शाकम्भरी अन्न, फल और वनस्पति की अधिष्ठात्री देवी हैं और अकाल के समय उन्होंने फल व सब्जियों के माध्यम से मानवता का पालन कर जीवन को नई दिशा दी। माँ शाकम्भरी का संदेश प्रकृति संरक्षण, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना से जुड़ा है, जो वर्तमान समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी अपने पारंपरिक कृषि कार्यों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़े। इससे फल और सब्जी उत्पादन में वृद्धि होगी, किसानों की आमदनी बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ कृषि के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनकर उभरेगा।

उन्होंने माँ शाकम्भरी से समाज, किसान और युवाओं के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना करते हुए कहा कि माँ की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा। कार्यक्रम में मरार पटेल समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, किसान भाई-बहन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *